आईएएस रानी नागर द्वारा त्यागपत्र देना हरियाणा सरकार की नाकामी : योगेश्वर शर्मा कहा: सरकार को रानी की समस्या का हल निकालना चाहिए.

पंचकूला, 5 मई। आम आदमी पार्टी ने युवा आईएएस रानी नागर द्वारा दिए गए त्यागपत्र पर अफसोस व्यक्त करते हुए चिंता व्यक्त की है। पार्टी का कहना है कि युवा अधिकारी का इस तरह से अपने पद से त्यागपत्र देना गंभीर विषय है। उसकी बात सुनी जानी चाहिए थी।
आज यहां जारी एक बयान में आम आदमी पार्टी हरियाणा के उत्तरी जोन के सचिव योगेश्वर शर्मा ने इसे हरियाणा सरकार की भी नाकामी बताया। उन्होंने कहा यदि इस प्रकार एक आईएएस अधिकारी ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है और इसी वजह से अपनी नौकरी तक छोड़ देता है तो इससे बड़ी सरकार की विफलता और क्या होगी। उन्होंने कहा कि रानी नागर ने अपना त्यागपत्र देने के साथ साथ अपनी फेसबुक पर अपना दर्द भी ब्यान किया कि उसे बार बार कहने के बावजूद सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई गई। ऐसे में उसे व उसकी बहन को अपनी जान का खतरा है। अगर हरियाणा सरकार अपनी एक महिला आईएएस अधिकारी को ही सुरक्षा प्रदान नहीं कर पाती तो आम आदमी को क्या सुरक्षा मुहैया कराएगी। उन्होंने इस महिला अधिकारी का त्यागपत्र स्वीकार ना किए जाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों खासकर मुख्य सचिव को रानी नगर को बुलाकर उससे बात करनी चाहिए तथा उसकी समस्या का समाधान करना चाहिए। क्योंकि एक महिला होने के नाते वह रानी नागर का दर्द अच्छे से समझ पातीं। उन्होंने कहा कि यह सरकार का दायित्व बनता है कि वह रानी की समस्या का समाधान करे और उसे किससे जान का खतरा है, इसका पता लगाये। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपनी ही एक महिला अधिकारी की समस्या का हल नहीं कर पाती तो अन्य महिलाओं मसले का हल कैसे करेगी ऐसे में उसका बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा भी खोखला साबित हो जाएगा।