राज्य स्तर पर मनेगा गुरु गोविन्द सिंह जी का प्रकाशोत्सव, पंचकूला से हज़ारों भाजपा कार्यकर्ता इसमें लेंगे भाग :

पंचकूला 10 नवंबर

हरियाणा सरकार गुरु गोविन्द सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव के समापन समारोह को राज्य स्तर पर मनाएगी। यह समारोह जिला यमुनानगर के जगाधरी स्थित अनाज मंडी में रविवार 12 नवंबर को भव्य रूप से मनाया जायेगा। इसमें पूरे प्रदेश से लाखों लोग शामिल होंगे जिसमें भारी संख्या में पूरे प्रदेश से भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे। यह जानकारी आज भाजपा के सेक्टर-2 स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने एक बैठक के दौरान दी। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार में पर्यटन विभाग के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा ने की। बैठक में हरियाणा सरकार के मुख्य सचेतक और पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, समाज कल्याण विभाग की चेयरपर्सन और पूर्व में जिला प्रभारी रही रोज़ी मलिक आनंद एवं भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया भी प्रमुख रूप से शामिल रहीं। जिलाध्यक्ष शर्मा न जानकारी देते हुए बताया की जिले के सभी सात मंडलों में से भारी संख्या में कार्यकर्ता इस भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। बैठक में जिले से लगभग सभी प्रमुख कार्यकर्ता शामिल रहे और सभी ने इस समापन समारोह में जाने के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की।