प्रदेश सरकार नेक नीयति से जनता को भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने को कृतसंकल्प
पंचकूला, 17 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार नेक नीयति से जनता को भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने को कृतसंकल्प है। उनकी सरकार की नीति है जनता की भलाई के कार्य हों तथा उन्हें एक पारदर्शी सुशासन मिले। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के शासन, प्रशासन में व्याप्त खामियों को दूर करने में लगे हैं, जिसके करीब एक साल में सकारात्मक परिणाम आने शुरू हो गए हैं।
मुख्यमंत्री पंचकूला के सेक्टर-7 स्थित गुरुद्वारे में अमर शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर के 345 जन्मदिवस पर बाबा बंदा सिंह बहादुर मेमोरियल ट्रस्ट पंचकूला की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से उन्हें सिरोपा एवं कृपाण भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बंदा बहादुर जैसे महान महापुरुषों की जीवनी सुनने एवं पढऩे से हमें दूसरों के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बाल्य अवस्था से ही वैराग्य व सादा जीवन धारण किया। गुरु गोबिंद सिंह के संपर्क में आकर उन्हें जीवन की सही दिशा मिली, जिस पर वे आजीवन अडिग रहे। उन्होंने जीवन में अनेक कठिनाइयां सहनकर समाज के हित में कार्य किए। हमें ऐसे महापुरुषों के दिखाए मार्ग एवं उनके सिद्धांतों का अनुसरण करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्वयं का उदाहरण दिया कि उनका जन्म रोहतक के निंदाणा में हुआ तथा उनकी शिक्षा दूसरे गांव बलियानी में हुई,जिसके बाद वे संघ से जुड़े और लोगों के कल्याण के लिए कार्य किया। आज भी वे प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।