प्रदेश के सभी जिलों में महिला पुलिस थाने स्थापित किए जा रहे है
पंचकूला, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओजस्वी नेतृत्व में सरकार की पहल पर तथा पुलिस विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में महिला पुलिस थाने स्थापित किए जा रहे है, जिनका28 अगस्त को विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। हरियाणा प्रदेश देश का पहला प्रदेश होगा जहां सभी जिलों में महिला थाने होंगे।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस केके मिश्रा शुक्रवार को पुलिस विभाग द्वारा सेक्टर-5 स्थित होटल बेला विस्टा में महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण विषय पर आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में पंचकूला के कॉलेजों एवं स्कूलों के प्रिंसिपल उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि इन महिला थानों में एसएचओ से लेकर सिपाही तक सभी मुलाजिम महिलाएं होंगी। उन्होंने कहा कि पुलिा का मानना है कि थाने खोलने से महिलाएं इन थानों में अपनी शिकायत एवं बात बिना झिझक के कह सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य थानों में भी महिलाएं अपनी शिकायत कर सकती है, बाद में उनकी शिकायत को महिला थानों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके साथ साथ इन थानों में जिला महिला संरक्षण एवं उत्पीडऩ समिति व महिला परामर्श केन्द्र भी स्थापित होगा जहां महिलाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जानकारी भी दी जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पिछले कई सालों से महिला उत्पीडऩ व क्राईम के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2014 में लगभग 9 हजार महिला उत्पीडऩ ने संबंधित मामले दर्ज हुए है, जिनमें दहेज, रेप व एसिड अटैक के मामले शामिल है। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे भी मामले है जो किन्ही कारणों से दर्ज नहीं हुए है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने आप को इतना सशक्त करना होगा कि वे पूरी निडरता के साथ उस चुनौति का सामना कर सके। सरकार एवं पुलिस अपने स्तर पर कानून तो बना सकती है लेकिन उसे लागू करने में समाज के सभी वर्गो के सहयोग की आवश्यकता है, सहयोग मिलने पर ही ये कानून सफल हो सकते है।
इस अवसर पर अंबाला-पंचकूला के आयुक्त ओपी सिंह ने बताया कि महिला अपराध-निषेध एवं सशक्तीकरण अभियान के तहत प्रदेश में 22 से 28 अगस्त तक महिला सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस सप्ताह के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को फ्रीडम मार्च पास्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए महिलाओं व छात्राओं का पंजीकरण किया जा रहा है। पंजीकरण के लिए महिलाएं 58558 पर एफएम स्पेस अपना नाम लिखकर मैसेज कर सकती हैं। ये मैसेज करने के बाद उन्हें एक नंबर मिलेगा, जिसकी मदद से वे फ्रीडम मार्च पास्ट में भाग ले सकती हंै। इस फ्रीडम मार्च मास्ट प्रात: 6 बजे शुरू होगा, जिसमेंं स्कूली छात्राएं व अन्य पंजीकृत महिलाएं हाथों में प्ले कार्ड बैनर व झंडे लेकर सिंहद्वार से महिला थाने तक लोगों को जागरूक करते हुए चलेंगी। इसके लिए फ्रीडम मार्च ट्रैक भी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को इंद्रधनुष ओडिटोरिय में प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक महिलाओं पर कें्रद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 22 से 27 अगस्त तक प्रतिदिन स्कूलों, कॉलेजों व सार्वजनिक स्थलों पर रोड-शो तथा कीप काम स्क्वेयर सेक्टर-5 में आत्म सुरक्षा के लिए सुबह 6 बजे से 8 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें लोगों को विशेषकर लड़कियों को सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, इसके लिए इजराइल के प्रशिक्षक प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान 27 अगस्त को प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक महिला पुलिस थाना, माता मनसा देवी कांप्लेक्स में फ्रीडम मार्च की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें पंजीकृत प्रभिागी अपना आईडी नंबर के साथ झंडा, बैनर स्थापित काउंटरों से प्राप्त कर सकते हैं।
सम्मेलन में रेणुमाधुर व अजय आकृति ने महिला सशक्तीकरण के विषय पर मोहमिता शाह व सेक्टर-20 की अर्चना ने भी महिला सशक्तीकरण विषय पर अपने विचार रखे। एसीपी पूर्णिमा सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव तथा एसीपी पंखुड़ी ने शानदार मंच का संचालन किया। अंबाला डैड ग्रुप के कलाकारों द्वारा महिला सशक्तीकरण पर एक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डीसीपी अनिल धवन सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित जिला के सभी कॉलेजों व स्कूलों के प्रिंसिपल उपस्थित थे।
Share